


प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री बांटी, बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने की घोषणा
नवगछिया। पटना के चर्चित शिक्षक खान सर रविवार को खरीक प्रखंड के बाढ़ प्रभावित राघोपुर गांव पहुंचे। नाव पर सवार होकर उन्होंने बाढ़ से घिरे इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उनके बीच राहत सामग्री का वितरण किया।

खान सर के राघोपुर पहुंचने की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उनसे मिलने पहुंचे। ग्रामीणों ने बाढ़ के कारण उत्पन्न परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण विद्यालय और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों से बातचीत के दौरान बच्चों की पढ़ाई बाधित होने की जानकारी मिलने पर खान सर ने प्रभावित बच्चों के लिए नि:शुल्क शिक्षा की पहल करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राघोपुर के जो बच्चे पढ़ना चाहते हैं, उन्हें नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि दो दिन बाद उनके लोग गांव आएंगे और पढ़ने के इच्छुक बच्चों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।

खान सर ने नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के साथ प्रभावित परिवारों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बच्चों की पढ़ाई को लेकर की गई नि:शुल्क शिक्षा की पहल को महत्वपूर्ण बताया।
















