


नवगछिया : पुलिस जिला नवगछिया में शनिवार को नवनियुक्त प्रशिक्षु सिपाहियों के चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार ने निरीक्षण किया। पुलिस महानिरीक्षक के पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक नवगछिया वैभव शर्मा ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद आईजी ने प्रशिक्षण केंद्र में चल रही विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने प्रशिक्षु सिपाहियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं, प्रशिक्षुओं के लिए की गई सुविधाओं और प्रशिक्षण प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। संबंधित पदाधिकारियों से प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा और प्रशिक्षुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
आईजी ने कहा कि प्रशिक्षण पुलिस सेवा की बुनियाद है। उन्होंने प्रशिक्षु सिपाहियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए अनुशासन, कर्तव्य के प्रति जिम्मेदारी और पुलिसिंग के व्यावहारिक पहलुओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के प्रत्येक पहलू को गंभीरता से लेने को कहा, ताकि भविष्य में वे पुलिस की जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।

निरीक्षण के क्रम में आईजी ने प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि नवनियुक्त सिपाहियों को पुलिस कार्यों की व्यावहारिक और तकनीकी जानकारी मिल सके। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम की नियमित निगरानी करने और प्रशिक्षुओं की समस्याओं का समय पर समाधान करने का निर्देश दिया।
















