


नवगछिया। खरीक थाना क्षेत्र के दादापुर गांव में दर्दनाक हादसे में एक वर्षीय मासूम की बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान दादापुर निवासी मंटू यादव के पुत्र करण कुमार (1 वर्ष) के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मासूम घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह पानी से भरी बाल्टी में गिर गया। उस समय आंगन में कोई मौजूद नहीं था।

कुछ देर बाद जब बच्चे की मां आंगन में पहुंची तो उसे बाल्टी में अचेत अवस्था में पाया। आनन-फानन में परिजनों ने बच्चे को बाहर निकालकर इलाज के लिए स्थानीय निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए अनुमंडल अस्पताल रेफर कर दिया।
अनुमंडल अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
















