


नवगछिया। नवगछिया-कटरिया रेलखंड के बनिकपुर हाल्ट के पास रेलवे की खाली जमीन पर जेसीबी मशीन से खुदाई कर पौधरोपण की तैयारी का मामला सामने आया। रेलवे के दूरसंचार केबल कटने की आशंका के चलते रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कार्य को तुरंत रोक दिया।
सूचना के अनुसार, रविवार को लगभग 11:48 बजे सुरक्षा नियंत्रण कक्ष सोनपुर और वरीय प्रशाखा अभियंता दूरसंचार, कटिहार को खबर मिली कि बनिकपुर हाल्ट के समीप जेसीबी से खुदाई की जा रही है। इस पर आरपीएफ पोस्ट नवगछिया के निरीक्षक प्रभारी मुन्ना कुमार पासी और दूरसंचार विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

जांच में पाया गया कि बिहार सरकार की योजना के तहत वन विभाग रेलवे की खाली जमीन पर पौधरोपण कर रहा था। इसके लिए अप और डाउन दोनों लाइन के किनारे मिट्टी का टीला बनाया जा रहा था। जांच के दौरान रेलवे के किसी केबल को कोई क्षति नहीं पहुंची।
वन विभाग के गार्ड रौशन कुमार ने बताया कि थाना बिहपुर से कटरिया तक रेलवे से एनओसी प्राप्त किया गया है, लेकिन रविवार होने के कारण कार्यालय बंद होने के कारण प्रमाण पत्र पेश नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि सोमवार को आरपीएफ पोस्ट नवगछिया में एनओसी प्रस्तुत कर दी जाएगी।

वरीय प्रशाखा अभियंता (कार्य) कुरसेला ने कहा कि वन विभाग ने इस कार्य की कोई पूर्व सूचना नहीं दी थी। रेलवे केबल को नुकसान पहुंचने की आशंका के कारण फिलहाल कार्य रोक दिया गया है। एनओसी प्रस्तुत होने के बाद संबंधित कर्मचारियों की मौजूदगी में केबल लोकेट कर आगे कार्य की अनुमति दी जाएगी।













