


भागलपुर इलाज के लिए ले जाने के दौरान हुई घटना
भागलपुर : परबत्ता थाना क्षेत्र के मिराजफरी गांव निवासी एक दंपति अपने बीमार बच्चे को इलाज के लिए भागलपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान बड़ी जहाज घाट के पास अचानक बच्चे की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। बाद में इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मिर्जापरी गांव निवासी ज्वाला कुमारी अपने पति अवधेश कुमार के साथ बच्चे को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर ले जा रही थीं। यात्रा के दौरान बड़ी जहाज घाट के समीप बच्चे की हालत अचानक नाजुक हो गई।
परिजनों ने बताया कि बच्चे की स्थिति गंभीर होने पर स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने बच्चे की हालत को देखते हुए सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक बच्चे की दादी सुमित्रा देवी ने बताया कि बच्चा काफी कमजोर था और कई दिनों से बीमार चल रहा था। इसी कारण उसे इलाज के लिए भागलपुर ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।















