


बेगूसराय के बरियारपुर में कुख्यात अपराधी सोनू और मोनू की गिरफ्तारी के दौरान वायरल हुए ‘कमर में पिस्तौल’ वीडियो को लेकर पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में आने के बाद मामले की जांच तेज हो गई है। इसी क्रम में डीआईजी शैलेश कुमार स्वयं बरियारपुर पहुंचे और परिजनों, ग्रामीणों तथा पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
डीआईजी ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

इधर, सदर-2 डीएसपी सुबोध कुमार ने वायरल वीडियो पर पुलिस का पक्ष रखते हुए कहा कि वीडियो को भ्रामक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उनके अनुसार, वीडियो में पुलिस आरोपी की कमर से पहले से छिपाई गई पिस्तौल बरामद कर रही थी, लेकिन वीडियो का एक हिस्सा काटकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे गलतफहमी पैदा हुई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की सत्यता के साथ गिरफ्तारी की पूरी प्रक्रिया की भी समीक्षा की जा रही है।
















