


भागलपुर। भागलपुर के बाईपास थाना क्षेत्र के बैजानी गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने हनुमान मंदिर और मां काली मंदिर को निशाना बनाया। चोरों ने पूजा-पाठ में उपयोग होने वाले कासा और पीतल के बर्तनों के साथ दानपेटी का ताला तोड़कर नगदी रकम चोरी कर ली।
मां काली मंदिर के भंडार कक्ष का गेट भी तोड़ दिया गया और वहां लगी मोटर को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सुबह ग्रामीण पूजा करने पहुंचे तो उन्होंने घटना की जानकारी मिली। इसके बाद तुरंत बाईपास थाने को सूचना दी गई।
थाना अध्यक्ष सुमन कुमार राय और एएसआई उमेश शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
ग्रामीणों का मानना है कि इस वारदात के पीछे सामान्य चोरों की बजाय नशे के आदी, खासकर ब्राउन शुगर का सेवन करने वाले युवकों का हाथ हो सकता है। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्ती बढ़ाने और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
थाना अध्यक्ष सुमन कुमार राय ने भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि गांव में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे या नशा करने वालों की गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगा।















