


नवगछिया । रंगरा थाना क्षेत्र के मंदरौनी पावर ग्रिड के समीप सोमवार दोपहर करीब 1 बजे ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक अज्ञात वृद्ध का शव देखा। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया।
सूचना मिलने के बाद रंगरा पुलिस के दलबल ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम हेतु अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया भेज दिया। घटना स्थल का मुआयना करने पर पुलिस ने पाया कि मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष है। शव पर कोई कपड़ा नहीं था, केवल लाल गमछा लपेटा हुआ था और जनेऊ पहना हुआ था।
थानाध्यक्ष पुनि विश्वबंधु कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और पोस्टमार्टम के बाद शव को सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पुलिस स्थानीय लोगों से भी सूचना प्राप्त करने की कोशिश कर रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अक्सर क्षेत्र में अकेला देखा जाता था, लेकिन अभी तक किसी ने उसकी पहचान नहीं की है। पुलिस ने शव के पास मिले सामान और अन्य सुरागों को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को किसी अज्ञात व्यक्ति के बारे में जानकारी हो तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें, ताकि शव की पहचान और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।















