


सड़क मरम्मत, मजबूतीकरण और 84 महीने तक मेंटनेंस की जिम्मेदारी एजेंसी को मिलेगी : पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र
भागलपुर : बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र ने कहा कि भागलपुर जिले की जर्जर सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए पथ निर्माण विभाग ने बड़ा निर्णय लिया है। जिले में करीब 190 किलोमीटर सड़क के सुधार एवं मेंटनेंस कार्य के लिए 126 करोड़ रुपये की निविदा जारी कर दी गई है।

शनिवार को जानकारी देते हुए मंत्री इं. शैलेंद्र ने बताया कि चयनित एजेंसी सड़क निर्माण कार्य पूरा करने के बाद अगले 84 महीनों तक संबंधित सड़कों का नियमित मेंटनेंस भी करेगी। योजना के तहत सड़क मरम्मत, मजबूतीकरण, रोड मार्किंग, पुलियों की देखरेख तथा आकस्मिक एवं आपात स्थिति में जलनिकासी जैसी व्यवस्थाएं भी शामिल रहेंगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना में बिहपुर एवं गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र सहित भागलपुर जिले की कई महत्वपूर्ण सड़कें शामिल की गई हैं। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को खराब सड़कों से राहत मिलेगी।

बीरबन्ना से सोनवर्षा दुमुंही चौक तक सड़क बनेगी उच्च गुणवत्ता की
मंत्री ने बताया कि नारायणपुर प्रखंड के बीरबन्ना से बिहपुर प्रखंड के सोनवर्षा दुमुंही चौक तक की बदहाल सड़क का भी जल्द निर्माण कराया जाएगा। वर्तमान में इस सड़क के मेंटनेंस कार्य की अवधि जुलाई में समाप्त हो रही है, जिसके बाद इसे उच्च गुणवत्ता के साथ विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़क व्यवस्था को आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

मंत्री बनने के बाद 20 हजार करोड़ की योजनाओं पर किए हस्ताक्षर
इं. शैलेंद्र ने कहा कि मंत्री पद संभालने के बाद मात्र दो दिनों के भीतर उन्होंने करीब 20 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में सड़क नेटवर्क को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
दिल्ली दौरे में शीर्ष नेताओं से मिले मंत्री
नवगछिया भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि शनिवार को मंत्री इं. शैलेंद्र दिल्ली दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, महासचिव विनोद तावड़े, मनसुख मांडविया, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज सहित कई वरिष्ठ नेताओं एवं सांसदों से मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मंत्री इं. शैलेंद्र के साथ उनकी पुत्री कोमल कृति भी मौजूद थीं।
















