


30 जुलाई से शुरू होगा विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष फोकस
भागलपुर : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने सुल्तानगंज स्थित मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नमामि गंगे घाट, सीढ़ी घाट सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि श्रावणी मेला में देशभर से लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि घाटों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षित आवागमन तथा गंगा के बढ़ते जलस्तर से सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।
सड़क अतिक्रमण पर रहेगी सख्ती
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि घाट तक जाने वाले सभी मार्ग खुले और व्यवस्थित रखे जाएंगे। सड़क किनारे अतिक्रमण अथवा दुकानों का सामान रखने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए सड़क की मार्किंग कराई जाएगी।

उन्होंने संबंधित विभागों को सभी शौचालयों, पेयजल स्थलों एवं बिजली व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
श्रद्धालुओं के लिए बनेंगे स्विस कॉटेज
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार स्विस कॉटेज निर्माण की भी तैयारी की जा रही है। साथ ही होटल, धर्मशाला एवं अन्य आवासीय स्थलों का पंजीकरण, स्वच्छता एवं उपलब्ध सुविधाओं की जांच भी कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि पूजा सामग्री, कांवड़ सामग्री, खाद्य पदार्थ एवं अन्य दुकानों पर दर सूची प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। होटल संचालकों को उपयोग किए जाने वाले खाद्य ब्रांड की सूची भी सार्वजनिक करनी होगी, ताकि श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सके।
हर तीन घंटे पर होगा कचरा उठाव
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी होटल एवं दुकानों में डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा तथा प्रत्येक तीन घंटे पर कचरे का उठाव कराया जाएगा।

पीएचईडी विभाग को सभी चापाकलों एवं पेयजल स्रोतों की जांच कर उन्हें चालू स्थिति में रखने का निर्देश दिया गया।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होगा
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, अस्थायी थाना, पुलिस केंद्र, अतिरिक्त पेट्रोलिंग, नदी पेट्रोलिंग एवं एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू किया जाएगा, ताकि सभी कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।
नमामि गंगे घाट पर एंबुलेंस की व्यवस्था
प्रशासन ने नमामि गंगे घाट एवं सीढ़ी घाट पर एक-एक एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता राकेश रंजन, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुल्तानगंज तथा नगर परिषद सुल्तानगंज के पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
















