0
(0)

नवगछिया। भागलपुर-कटिहार अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के परिचालन शुरू होने से नवगछिया, बिहपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्री, व्यवसायी एवं किसान काफी उत्साहित हैं। खासकर उन लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिनका भागलपुर और मुंगेर की ओर रोजाना आना-जाना लगा रहता है।

रेल मंत्रालय द्वारा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन को स्वीकृति मिलने के बाद शनिवार को पहले दिन ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया। भागलपुर से कटिहार जाने वाली अनारक्षित स्पेशल ट्रेन संख्या 03407 करीब एक घंटा 50 मिनट विलंब से नवगछिया स्टेशन पहुंची। वहीं कटिहार से भागलपुर आने वाली अनारक्षित स्पेशल ट्रेन संख्या 03408 लगभग एक घंटा विलंब से नवगछिया स्टेशन पहुंची।

ट्रेन के नवगछिया स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सलाहकार समिति सदस्य मुकेश राणा ने ट्रेन के गार्ड आलोक भारती एवं चालक अरविंद कुमार का मुंह मीठा कराकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान यात्रियों में भी नई ट्रेन को लेकर उत्साह देखा गया।

मुकेश राणा ने कहा कि पहले दिन तकनीकी कारणों से ट्रेन थोड़ी विलंब से चली, लेकिन आगे नियमित और समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के शुरू होने से कई जिलों के यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

स्थानीय यात्रियों और व्यवसायियों ने बताया कि अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के परिचालन से दैनिक यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। किसानों को भी अपने उत्पाद लेकर बाजार तक पहुंचने में सहूलियत होगी। लोगों ने रेल मंत्रालय के इस निर्णय का स्वागत करते हुए नियमित परिचालन की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: