


नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के नए पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के मौके पर पुलिस जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
एसपी कार्यालय पहुंचने पर मुख्यालय डीएसपी मनोज सुमन सहित विभिन्न थाना अध्यक्षों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बुके देकर नए एसपी का स्वागत किया। इस दौरान पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी वैभव शर्मा ने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सामान्य शाखा, क्राइम शाखा, प्रपत्र शाखा, हिंदी शाखा, अभियोजन शाखा एवं लेखा शाखा सहित अन्य विभागों की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली गई।
बैठक के दौरान नए एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नवगछिया में अपराध नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और विश्वास कायम रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने तथा हर मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नए एसपी के योगदान के बाद पुलिस महकमे में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। वहीं आम लोगों में भी उम्मीद जगी है कि उनके नेतृत्व में नवगछिया पुलिस जिला में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
















