


भागलपुर के समीक्षा भवन में गुरुवार को 135 हज यात्रियों के सम्मान में “दुआइया मजलिस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की। इस अवसर पर हज यात्रियों को यात्रा से पूर्व आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अनुभवी एवं ख्याति प्राप्त प्रशिक्षकों ने हज यात्रा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और यात्रियों को पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सभी हज यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से सभी यात्रियों को यात्रा किट भी प्रदान की गई, जिसमें तौलिया, इत्र की शीशी, चश्मा सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी। साथ ही हज यात्रियों को प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों को भी जिलाधिकारी द्वारा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
बताया गया कि भागलपुर में पहली बार जिला प्रशासन के स्तर पर इस प्रकार का आयोजन किया गया, जिससे सभी हज यात्रियों में काफी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम से प्रसन्न होकर हज यात्रियों ने एक स्वर में जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन को लेकर जिले में सकारात्मक माहौल देखा गया और लोगों ने इसे सराहनीय पहल बताया।















