


भागलपुर: कहते हैं कि सफलता के लिए आलीशान संसाधनों से ज्यादा जरूरी अटूट संकल्प और कड़ी मेहनत होती है। इस कहावत को सच कर दिखाया है भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत सन्हौली पंचायत के कोइली खुटाहा गांव के दो सगे भाइयों—भवानी शंकर और रवि शंकर ने। दोनों ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की परीक्षा में एक साथ सफलता हासिल कर परिवार और जिले का नाम रोशन किया है।
सरपंच के बेटों ने रचा इतिहास
सन्हौली पंचायत के वर्तमान सरपंच विनोद कुमार यादव के घर इस सफलता से खुशी का माहौल है। दोनों पुत्रों ने एक साथ अधिकारी बनकर यह साबित कर दिया कि स्पष्ट लक्ष्य और मेहनत से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि से ग्रामीण युवाओं में नई प्रेरणा जागी है।
बचपन से ही था अधिकारी बनने का सपना
पिता विनोद कुमार यादव ने बताया कि भवानी और रवि बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। खेल-कूद से ज्यादा उनका ध्यान पढ़ाई पर रहता था। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद दोनों भाइयों ने कभी हार नहीं मानी।
गांव में दिवाली जैसा माहौल
जैसे ही दोनों भाइयों की सफलता की खबर गांव में फैली, पूरे इलाके में जश्न का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। लोगों का कहना है कि पहली बार एक ही परिवार के दो सगे भाइयों ने एक साथ इतनी बड़ी सफलता हासिल की है।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
भवानी शंकर और रवि शंकर अब क्षेत्र के युवाओं के लिए रोल मॉडल बन गए हैं। उनकी सफलता पर कई गणमान्य लोगों ने शुभकामनाएं दी हैं।
सरपंच विनोद कुमार यादव ने भावुक होते हुए कहा, “यह जीत सिर्फ मेरे बेटों की नहीं, बल्कि पूरे पंचायत की जीत है। मुझे विश्वास है कि वे ईमानदारी और निष्ठा के साथ देश की सेवा करेंगे।”
















