


नवगछिया के इस्माइलपुर थाना की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी हाइवा से 2925 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। नवगछिया एसपी राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि 18 अप्रैल को सूचना मिली थी कि झारखंड से एक मिनी हाइवा के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप विक्रमशिला सेतु होते हुए नवगछिया लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने हाई लेवल के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान विक्रमशिला सेतु के पास एक संदिग्ध हाइवा को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन के डाला में गिट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने रॉयल स्टैग (सुपीरियर व्हिस्की) के 128 कार्टून में 3070 बोतल (1152 लीटर) तथा रॉयल चैलेंज (प्रीमियम गोल्ड व्हिस्की) के 197 कार्टून में 4728 बोतल (1773 लीटर) जब्त किए। इस तरह कुल 2925 लीटर शराब बरामद की गई।
मौके से वाहन चालक सहरसा जिले के बैजनाथपुर निवासी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है।
इस संबंध में इस्माइलपुर थाना में बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
















