


भागलपुर । भा. प्र. से. भागलपुर उप विकास आयुक्त प्रदीप सिंह ने संयुक्त कृषि भवन परिसर में स्थित विभिन्न कृषि कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालयों की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं और सेवाओं का मूल्यांकन करना था।
निरीक्षण के दौरान जिला कृषि कार्यालय, सहायक निदेशक (शस्य), आत्मा, उद्यान, मिट्टी जाँच प्रयोगशाला तथा बीज विश्लेषण प्रयोगशाला का अवलोकन किया गया। इस दौरान कार्यालयों में कार्यस्थिति और गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिला कृषि कार्यालय निरीक्षण के समय जिला कृषि पदाधिकारी, सहायक निदेशक (शस्य), प्रक्षेत्र, परियोजना निदेशक, आत्मा, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी और अन्य कर्मी उपस्थित थे।
उद्यान कार्यालय के कुछ कर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिसके कारण जिला उद्यान पदाधिकारी को निर्देश दिए गए कि अनुपस्थित कर्मियों से कारण-पृच्छा कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। इसके अलावा कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और अभिलेख रख-रखाव में सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में गुण नियंत्रण कार्यालय, बीज विश्लेषण प्रयोगशाला और मिट्टी जाँच प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया गया। प्रयोगशालाओं में बीज और मिट्टी नमूनों के परीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर डीडीसी ने संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे।













