


भागलपुर। भागलपुर में हाई कोर्ट की स्थायी बेंच स्थापित करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। राज्यसभा सांसद एवं मनन कुमार मिश्रा ने इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि भागलपुर जैसे बड़े और ऐतिहासिक शहर में हाई कोर्ट की बेंच की स्थापना समय की आवश्यकता है।

भागलपुर आगमन के दौरान उन्होंने कहा कि न्याय प्राप्त करने के लिए लोगों को पटना तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि यहां हाई कोर्ट बेंच स्थापित होती है तो न्यायिक प्रक्रिया अधिक सुलभ, तेज और प्रभावी हो सकेगी।

सांसद ने बताया कि इस विषय पर अंतिम निर्णय उच्च स्तर पर लिया जाना है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट और संसद की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे को उचित मंचों पर मजबूती से उठाएंगे और क्षेत्र की जनता की भावना को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
भागलपुर पहुंचने पर स्थानीय अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़े, फूल-मालाओं तथा आरती-वंदन के साथ स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
स्थानीय वकीलों ने कहा कि भागलपुर में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना से आसपास के जिलों के लाखों लोगों को न्यायिक सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।














