


पूर्णिया : युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 07 स्थित बिजली कॉलोनी में आयोजित अशोक मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का भव्य उद्घाटन पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन (पप्पू यादव) ने फीता काटकर किया। टूर्नामेंट का आयोजन पॉलीटेक्निक क्रिकेट क्लब द्वारा स्वर्गीय अशोक की स्मृति में किया गया है।

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद पप्पू यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। आयोजन समिति द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित युवाओं एवं खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सांसद ने स्थानीय प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के युवा खेलों के माध्यम से जिले, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उद्घाटन समारोह में स्थानीय खेल प्रेमी, वार्ड के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। उद्घाटन मैच के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।













