


पूर्णिया : शहर के शैक्षिक विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए यादव टोला, दमका स्थित दिल्ली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल का भव्य उद्घाटन नगर निगम की महापौर विभा कुमारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन समारोह में स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर ने विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्णिया जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में नए शिक्षण संस्थानों की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण एवं समाज के समग्र विकास का आधार बननी चाहिए।

महापौर ने विद्यालय प्रबंधन से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, संस्कार एवं खेलकूद गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को भी समान शिक्षा अवसर उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है, जिससे समाज के हर वर्ग का सर्वांगीण विकास संभव हो सके।
समारोह के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा महापौर को शॉल एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के निदेशक जॉली जी एवं पूरी टीम को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति, अभिभावक, शिक्षक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।













