


भागलपुर। नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित भुगतान को लेकर मंगलवार को पेंशनरों ने नगर निगम परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित पेंशनरों ने नगर आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की।
धरने पर बैठे पेंशनरों का कहना था कि उन्हें बार-बार आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
पेंशनरों ने बताया कि 6 अप्रैल 2026 को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सेवा निवृत्त कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल नगर आयुक्त से मिला था। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व शैलेन्द्र पाठक ने किया, जिसमें राजेन्द्र ओझा (सचिव), शंकराचार्य उपाध्याय, जवाहर तांती सहित अन्य सदस्य शामिल थे। इस दौरान लंबित वेतन और पेंशन भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था।
संघ के सचिव राजेन्द्र ओझा ने बताया कि समय पर भुगतान नहीं मिलने से पेंशनरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे जल्द दूर करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त ने पहले सकारात्मक रुख दिखाते हुए नगर विकास विभाग, पटना से सत्यापित कागजात उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था और स्थापना शाखा को निर्देश भी दिए गए थे।
इसके बावजूद अब तक भुगतान नहीं होने से नाराज पेंशनरों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। अब देखना यह है कि पेंशनरों को उनके हक का भुगतान कब तक मिल पाता है।
















