


भागलपुर। भागलपुर व्यवहार न्यायालय में शनिवार को इस वर्ष की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत के सफल संचालन के लिए भागलपुर व्यवहार न्यायालय में 22 बेंच, नवगछिया में 7 तथा कहलगांव में 2 बेंच का गठन किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन राज कुमार राजपूत, दीपंकर पांडे, डॉ. नवल किशोर चौधरी तथा प्रमोद कुमार यादव समेत अन्य न्यायिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर प्रिंसिपल जज दीपंकर पांडे ने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य आम लोगों को त्वरित, सुलभ एवं सरल न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पहली बार ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन के लिए जिला स्कूल परिसर में विशेष बेंच की व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके और मामलों का शीघ्र निपटारा हो सके।
राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण, बिजली बिल, पारिवारिक विवाद, दुर्घटना दावा, ट्रैफिक चालान समेत विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निष्पादन किया जा रहा है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि लोक अदालत के माध्यम से बड़ी संख्या में लंबित मामलों का समाधान होगा, जिससे न्यायालयों पर बोझ भी कम होगा।

लोक अदालत को लेकर न्यायालय परिसर में सुबह से ही लोगों की भीड़ देखी गई। विभिन्न मामलों के पक्षकार आपसी समझौते के माध्यम से मामलों के निपटारे के लिए पहुंचे थे।















