


भागलपुर में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में एक बार फिर आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। नियमित रूप से आयोजित होने वाले इस जनता दरबार में दूर-दराज से पहुंचे फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे और अधिकारियों से सीधे संवाद किया।

इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने कहा कि आम जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना ही उनका कर्तव्य है। जनता दरबार के माध्यम से पुलिस और आम लोगों के बीच संवाद मजबूत होता है, जिससे कई मामलों का समाधान मौके पर ही संभव हो पाता है।
जनता दरबार में मुख्य रूप से पारिवारिक विवाद, जमीन से जुड़े झगड़े और पुराने मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। एसएसपी ने इन मामलों के त्वरित और निष्पक्ष निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि कई मामलों में दोनों पक्षों को समझाकर आपसी सहमति से विवाद सुलझाने का प्रयास किया जाता है, जिससे समाज में आपसी सौहार्द बना रहे। साथ ही पुलिस विभाग के अन्य कार्यालयों को भी निर्देशित किया गया है कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और समय पर उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
एसएसपी ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य लोगों को त्वरित न्याय दिलाना और समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस प्रशासन इस दिशा में लगातार प्रयासरत है, ताकि लोगों का विश्वास कायम रहे।















