


भागलपुर। वीरता और देशभक्ति के प्रतीक बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती के अवसर पर गुरुवार को भागलपुर शहर में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जीरोमाइल चौक पर वीर योद्धा बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान क्षत्रिय समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी रही और ‘जय भवानी’ तथा देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
माल्यार्पण के उपरांत जीरोमाइल चौक से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। यह शोभायात्रा जीरोमाइल चौक से प्रारंभ होकर तिलकामांझी, मनाली चौक, आदमपुर चौक होते हुए टाउन हॉल तक पहुंची। पूरे मार्ग में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया तथा लोगों ने फूल बरसाकर श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने बाबू वीर कुंवर सिंह की वीरता और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका संघर्ष आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
भीषण गर्मी के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। कड़ी धूप में भी बड़ी संख्या में लोग शोभायात्रा में शामिल रहे और पूरे जोश के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। विशेष रूप से युवाओं और बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। कई प्रतिभागी पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ गई।
















