


भागलपुर जिले में गेस्ट फैकल्टी शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है, जो खरीक थाना क्षेत्र के अंबो गांव के निवासी थे और टीएनबी कॉलेज में गेस्ट फैकल्टी के रूप में कार्यरत थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार पिछले लगभग तीन वर्षों से विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत परवती इलाके में एक किराए के मकान में रह रहे थे। मकान मालिक प्रदीप कुमार मंडल के अनुसार, वह अधिकतर समय अपने कमरे में रहकर अध्ययन और शैक्षणिक कार्यों में व्यस्त रहते थे।
घटना के दिन उनकी सलहज द्वारा लगातार फोन किए जाने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं होने पर चिंता जताई गई। इसके बाद मकान मालिक को इसकी सूचना दी गई। जब मकान मालिक कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा खोला गया, जहां राकेश कुमार मृत अवस्था में पाए गए।
कमरे के अंदर उल्टी के निशान भी मिले हैं, जिससे किसी गंभीर बीमारी या अन्य संदिग्ध कारण की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।













