


नवगछिया पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन केंद्र स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवगछिया, सभी पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिले की विधि-व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई तथा आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने एवं निरंतर निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित गंभीर कांडों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया गया। लंबित वारंट, इस्तिहार एवं कुर्की के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने के निर्देश भी दिए गए।
अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को और तेज करने, उनकी बरामदगी एवं विनष्टिकरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। इसके अलावा गुंडा प्रस्ताव, डोजियर एवं राजसात से संबंधित मामलों की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में आईआरएडी/ईडीएआर (IRAD/EDAR) प्रविष्टियों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया। फसल कटाई के मद्देनजर दियारा क्षेत्रों में सघन एवं प्रभावी गश्ती बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने, जुलूस मार्गों की निगरानी करने एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा तथा किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।













