


भागलपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय अर्पणा कुमारी के रूप में हुई है, जो पटना डीएम के निजी चालक अनिल यादव की पुत्री बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्पणा की शादी 22 नवंबर 2024 को बहादुरपुर निवासी सोनू कुमार के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उसे दहेज के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष द्वारा सोने की चेन, अंगूठी एवं चार पहिया वाहन की मांग की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि देर रात ससुराल के एक पड़ोसी द्वारा फोन कर अर्पणा की मौत की सूचना दी गई। रात करीब एक बजे सूचना मिलने पर पिता अनिल यादव ने दामाद को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद वे तुरंत पटना से भागलपुर के लिए रवाना हुए और सुबह लगभग नौ बजे ससुराल पहुंचे।
परिजनों के अनुसार, मौके पर पहुंचने पर अर्पणा का शव बेड पर पड़ा मिला, जबकि घर के सदस्य वहां मौजूद नहीं थे। ससुराल पक्ष का कहना है कि अर्पणा ने पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाई, लेकिन पिता का आरोप है कि बेटी के गले पर रस्सी के निशान पाए गए, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।
मृतका के पिता ने पति, सास एवं अन्य ससुराल वालों पर दहेज हत्या और साजिश का गंभीर आरोप लगाते हुए औद्योगिक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने यह भी बताया कि अर्पणा अक्सर अपनी मां को ससुराल में हो रही प्रताड़ना के बारे में बताती थी और उसके साथ मारपीट की जाती थी।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।













