


‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान के तहत शुरू हुई पहल, बच्चों को शिक्षा के प्रति किया गया प्रेरित
भागलपुर। शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए भागलपुर के गोणुधाम में चौथी गार्गी पाठशाला का शुभारंभ किया गया। यह पाठशाला ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान के प्रणेता आईपीएस अधिकारी विकास वैभव की प्रेरणा, भागलपुर चैप्टर के मुख्य समन्वयक अंशु सिंह के सहयोग तथा श्री विद्या समाज सेवा फाउंडेशन की निदेशक अनीता कुमारी के सौजन्य से शुरू की गई।

गार्गी पाठशाला का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उन्हें मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री निशुल्क उपलब्ध कराई गई। इसमें स्कूल ड्रेस, कॉपी, पेंसिल, कटर, इरेजर और जूते शामिल हैं।
कार्यक्रम में संस्था की निदेशक अनीता कुमारी ने बच्चों को नियमित रूप से शिक्षा ग्रहण करने और अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और समाज के सभी वर्गों को इस दिशा में मिलकर कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर सुप्रिया सिंह, वर्षा प्रीत, सुप्रिया कुमारी, रूपा जी, जानकी देवी, संगीता जी, कुसुम, नीतू, श्रेया जी सहित कई समाजसेवियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। वहीं गोणुधाम मंदिर के पुजारी सोनू बाबा, पंकज बाबा, रश्मि जी और मुस्कान कुमारी ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।
आयोजकों ने बताया कि गार्गी पाठशाला के माध्यम से बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, संस्कार और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की जनहितकारी पहल लगातार जारी रहेगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा का प्रकाश पहुंच सके।















