


पूर्णिया। बंगला सावन की प्रथम सोमवारी के पावन अवसर पर मरंगा गुड मिल्की स्थित बाबा सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में डेढ़ माह तक संचालित होने वाले निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर का शुभारंभ रविवार को पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी ने फीता काटकर किया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में शिवभक्त, स्थानीय लोग एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। महापौर विभा कुमारी का शिवभक्तों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर ने बंगला सावन की प्रथम सोमवारी की सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए भगवान शिव से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
उन्होंने कहा कि बंगला पंचांग के अनुसार सावन माह का विशेष धार्मिक महत्व है। इस पावन महीने में भगवान भोलेनाथ की आराधना से मनुष्य को आध्यात्मिक ऊर्जा, मानसिक शांति और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है। भगवान शिव त्याग, करुणा और लोककल्याण के प्रतीक हैं। समुद्र मंथन के दौरान विषपान कर उन्होंने संपूर्ण सृष्टि की रक्षा की, जो मानवता की सेवा का सर्वोच्च संदेश देता है।
महापौर ने कहा कि भगवान शिव पशुपतिनाथ हैं, जो सभी जीवों के संरक्षक हैं। उनके जीवन से समभाव, सेवा, करुणा और मानवता की सीख मिलती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सावन माह में शिव भक्ति के साथ-साथ समाज में प्रेम, भाईचारा और सेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान शिविर आयोजन समिति ने बताया कि डेढ़ माह तक चलने वाले इस निःशुल्क सेवा शिविर में कांवरियों के लिए पेयजल, विश्राम, प्राथमिक उपचार सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद स्वपन घोष, पार्षद प्रतिनिधि मनोज साह, ललनेश सिंह, मुरारी झा, शिविर आयोजन समिति के राजा दास, गोपाल दास, मदन दास, भोला मेहता, कैलाश दास, तपेश कुमार दास, सुमन कुमार दास सहित अनेक समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।
















