


बच्चों और महिलाओं में दहशत, अनुमंडल अस्पताल में बढ़ रही डॉग बाइट मरीजों की संख्या
नवगछिया। नगर परिषद क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन लोगों पर हमले की घटनाओं से नगरवासियों में भय का माहौल है। रविवार को भी आवारा कुत्तों ने अलग-अलग स्थानों पर आधा दर्जन से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया। सबसे अधिक बच्चे और महिलाएं इन हमलों का शिकार हो रहे हैं, जिससे सुबह-शाम घर से निकलना भी लोगों के लिए जोखिम भरा हो गया है।

लगातार हो रही घटनाओं के कारण अनुमंडल अस्पताल में डॉग बाइट के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन की पहली खुराक लेने वालों में नवगछिया बाजार निवासी वेद प्रकाश मावंडिया की पुत्री बरखा रानी, मकंदपुर निवासी प्रकाश चौधरी की पुत्री रिया आर्या, भवानीपुर निवासी अखिल कुमार की पुत्री परिधि कुमारी, मक्खातकिया निवासी काजल कुमारी समेत कुल छह घायल शामिल हैं। वहीं कई अन्य लोग निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में भी इलाज करा रहे हैं।
चिकित्सकों ने सभी घायलों को समय पर एंटी रेबीज वैक्सीन लेने तथा घाव को अच्छी तरह साफ रखने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि कुत्ते के काटने की स्थिति में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। घाव को तुरंत साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोएं तथा बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर एंटी रेबीज का टीका लगवाएं।
















