


नवगछिया के शिक्षा क्षेत्र में रविवार को एक नई शुरुआत हुई। शहर में सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय का विधिवत शुभारंभ बेगूसराय से वर्चुअल माध्यम के जरिए किया गया। विद्यालय के उद्घाटन के साथ ही परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने नई शैक्षणिक पहल का गर्मजोशी से स्वागत किया।

उद्घाटन समारोह में डीसीएलआर शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार दास, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जितेंद्र कुमार, विद्यालय की प्राचार्या विनीता राय, पार्षद प्रतिनिधि मुकेश राणा सहित शिक्षक प्रकाश कुमार, अमितेश कुमार, मो. अख्तर आलम, पवन कुमार, डॉ. अमिता रानी, डॉ. संयुक्ता कुमारी तथा बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी विकसित समाज की आधारशिला होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरस्वती विद्या निकेतन आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का भी विकास करेगा। विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करने तथा शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। विद्यार्थियों में नए विद्यालय को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन विद्यालय की निरंतर प्रगति एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ धन्यवाद ज्ञापन द्वारा किया गया।
















