


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (JLNMCH), भागलपुर स्थित रक्त केंद्र की ओर से शुक्रवार को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं के सम्मान में रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय थीं।
कार्यक्रम में JLNMCH के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल, अधीक्षक डॉ. H. P. Dubey, पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र कुमार, डॉ. राकेश कुमार तथा रक्त केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय प्रताप सहित अन्य पदाधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. हेम शंकर शर्मा ने किया।

समारोह के दौरान वर्ष में तीन एवं चार बार नियमित रूप से रक्तदान करने वाले 44 रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 62 अन्य रक्तदाताओं को भी आयोजकों की ओर से सम्मानित किया गया। इस प्रकार कुल 106 रक्तदाताओं को सम्मान प्रदान किया गया। आयोजन का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को प्रोत्साहित करना और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर रक्त केंद्र में उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्य के लिए प्रयोगशाला प्राविधिक श्री अंशु को भी मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने सम्मानित किया। उन्हें रक्त संग्रह, रक्त घटकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, रक्तदाताओं की सेवा तथा रक्त केंद्र के विभिन्न कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। नियमित रक्तदाता जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज में मानवीय संवेदना और सहयोग की भावना को भी मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं के इस पुनीत योगदान से समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ती है और अन्य लोग भी रक्तदान के लिए प्रेरित होते हैं।
रक्त केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय प्रताप ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आम लोगों से नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

















