
@ पुलिस का कथित संवाद भी कम दिलचस्प नहीं – ‘होश ठिकाने लगा देंगे… अकेले में मिलोगे न चढ़ा देंगे, तीने महीना में बेल होता है!’ वीडियो ने खड़े किए कई सवाल, आखिर किसका था ट्रक और कहां जा रहा था?
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। त्योहारी मौसम है। भागलपुर यातायात पुलिस की चौकसी कदम-कदम पर दिखाई दे रही है। शहर से गांव तक सड़कों पर पुलिस की गाड़ियां दौड़ रही हैं। कहीं वाहनों की तलाशी हो रही है तो कहीं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की इस सक्रियता का मकसद किसी अप्रिय घटना को रोकना और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाना है।
लेकिन गुरुवार को भागलपुर की सड़कों पर एक ऐसा नजारा सामने आया, जिसने यातायात पुलिस की चौकसी के साथ-साथ पुलिस और ट्रक चालक के बीच कथित संवाद को भी चर्चा का विषय बना दिया। मामला एक तेज रफ्तार ट्रक को रोकने का है। वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि दो यातायात पुलिसकर्मी हाथ में डंडा लेकर ट्रक को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन ट्रक चालक गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा देता है और पुलिसकर्मियों को पीछे छोड़ते हुए निकल जाता है।
डंडा दिखा, ट्रक नहीं रुका; फिर वायरल हुआ संवाद!

इस घटनाक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों और ट्रक में सवार व्यक्ति के बीच कथित बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सुनाई देने वाला संवाद कुछ इस अंदाज में है – ‘होश ठिकाने में लगा देंगे… अकेले में मिलोगे न, चढ़ा देंगे साला… तीन महीने में बेल होता है!’
अब यह संवाद किसने कहा? ट्रक में बैठे ड्राइवर ने, खलासी ने या किसी अन्य व्यक्ति ने? वायरल वीडियो से इसकी स्पष्ट पुष्टि नहीं होती। लेकिन संवाद के वायरल होते ही लोगों के बीच इस घटनाक्रम की चर्चा शुरू हो गई है।
सवाल कई, जवाब का इंतजार!
आखिर ट्रक चालक पुलिस के डंडे को देखकर भी क्यों नहीं रुका? ट्रक में क्या लदा था? वह कहां से आ रहा था और कहां जा रहा था? क्या चालक के पास कोई ऐसी वजह थी, जिसके कारण उसने पुलिस के रोकने के प्रयास को नजरअंदाज कर दिया? इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। विडंबना देखिए! एक तरफ त्योहारी सुरक्षा के नाम पर सड़कों पर सघन वाहन जांच की जा रही है, दूसरी तरफ वायरल वीडियो में पुलिस के रोकने के प्रयास के बावजूद ट्रक का निकल जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
हालांकि, ऐसे वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि अखबार नहीं करता है। वीडियो में दिखाई देने वाले घटनाक्रम और सुनाई देने वाले संवाद की आधिकारिक पुष्टि भी अभी नहीं हुई है। फिलहाल, भागलपुर की सड़कों पर ट्रक और पुलिस के बीच हुए इस कथित ‘डंडा बनाम रफ्तार’ मुकाबले की चर्चा खूब हो रही है।
















