


भागलपुर में आयोजित बाबू वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव समारोह के अवसर पर उत्तर प्रदेश के गोंडा से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह शहर पहुंचे। आगमन पर दोनों नेताओं का भव्य स्वागत किया गया।
बाबू वीर कुंवर सिंह सामाजिक परिषद के अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रणजीत सिंह एवं कार्यक्रम प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद जीरो माइल चौक स्थित वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर दोनों नेताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके शौर्य व बलिदान को नमन किया।
माल्यार्पण के पश्चात दोनों नेता टाउन हॉल पहुंचे, जहां आयोजित सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने वीर कुंवर सिंह के जीवन और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक वीर कुंवर सिंह ने 80 वर्ष की आयु में भी अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया और अदम्य साहस का परिचय दिया।
उन्होंने बताया कि वीर कुंवर सिंह बिहार के शाहाबाद क्षेत्र के जगदीशपुर के राजा थे, जो अपनी वीरता, रणनीति और नेतृत्व क्षमता के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध हैं।
















