


भाजपा कार्यालय में मनाई गई स्व. सुशील कुमार मोदी की द्वितीय पुण्यतिथि
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, संगठन मजबूती को लेकर हुई बैठक
पूर्णिया : भारतीय जनता पार्टी पूर्णिया द्वारा बनभाग स्थित जिला कार्यालय में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी की द्वितीय पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. सुशील कुमार मोदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्व. सुशील कुमार मोदी ने बिहार में सुशासन स्थापित करने, संगठन को मजबूत बनाने और विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
नेताओं ने कहा कि स्व. सुशील कुमार मोदी का व्यक्तित्व, सादगी, कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में बिहार और देश की राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
पुण्यतिथि कार्यक्रम के बाद जिला पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों तथा पार्टी की भावी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
बैठक में पार्टी के विभिन्न मोर्चों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर अपने विचार रखे। नेताओं ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राम नारायण मेहता, अंगद मंडल, क्रांति देवी, राजेश मेहता, जिला महामंत्री अरुण रॉय पुलक, संजय पोद्दार, जिला मंत्री मीनाक्षी सिन्हा, प्रीति झा, सचिन रॉय, संजय मिर्धा, पिंटू पांडेय, नूतन गुप्ता, कोषाध्यक्ष हरे कृष्णा यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा वरिष्ठ कार्यकर्ता अवधेश शाह, किशोर जायसवाल, ललित अग्रवाल, जयदेव पोद्दार, आष्करण जैन, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुमित सिंह, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष प्रकाश कुमार दास, महिला मोर्चा अध्यक्ष संगीता वर्मन सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
















