


पूर्णिया : पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर पूर्णिया के विधायक विजय खेमका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय एवं राज्य नेतृत्व तथा भाजपा कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत राष्ट्रवाद, विकास और सांस्कृतिक गौरव की भावना की जीत है।
विधायक विजय खेमका ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह सुशासन, पारदर्शिता और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने इसे देश की आस्था, परंपरा, सनातन मूल्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के विश्वास की जीत बताया।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पूरे संगठन और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और अथक मेहनत के कारण यह ऐतिहासिक विजय संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि आज बंगाल सहित पूरे देश में “जय श्रीराम” के नारों की गूंज सुनाई दे रही है।
विधायक ने बताया कि भाजपा की इस जीत पर पूर्णिया के गुलाबबाग, सनौली चौक, मधुबनी बाजार, आर.एन. साह चौक, खुश्कीबाग हाट, हरदा, रानीपतरा, महेंद्रपुर सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर तथा मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।

उन्होंने कहा कि बंगाल में अब बदलाव की शुरुआत हो चुकी है और आने वाले समय में विकास की नई गति स्थापित होगी। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
















