


पूर्णिया। बिहार में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम की समस्या के समाधान को लेकर राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। बिहार सरकार के उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर राज्य के शेष 141 रेलवे समपारों पर सड़क ऊपरी पुल (आरओबी) निर्माण की स्वीकृति देने का अनुरोध किया है।
पहले ही 78 ओवरब्रिज को मिली मंजूरी
मंत्री ने बताया कि रेल मंत्रालय द्वारा राज्य के कुल 219 रेलवे समपारों पर ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी। इनमें से वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 78 ओवरब्रिज परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि शेष समपारों पर अभी स्वीकृति लंबित है।
जाम और सुरक्षा बनी बड़ी चुनौती
पत्र में मंत्री ने उल्लेख किया कि रेलवे फाटकों पर लंबे समय तक गेट बंद रहने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन सहित आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित होती है। बढ़ते सड़क हादसे भी चिंता का विषय बने हुए हैं।
दुर्घटनाओं में आएगी कमी
डॉ. जायसवाल ने कहा कि सभी शेष समपारों पर ओवरब्रिज निर्माण होने से यातायात सुगम होगा, समय की बचत होगी और सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने रेलवे जोनवार प्राथमिकता सूची भी रेल मंत्रालय को भेजते हुए नए वित्तीय वर्ष 2026-27 में ही निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है।
उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से बिहार में आधारभूत संरचना मजबूत होगी और आम जनता को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।














