
देशभर के 30 से अधिक कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति, वैज्ञानिक, शिक्षाविद और नीति-निर्माता होंगे शामिल; विकसित भारत-2047, आत्मनिर्भर कृषि और आधुनिक तकनीकों पर होगा मंथन
भागलपुर। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में 28 और 29 नवंबर 2026 को भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (आईएयूए) का स्वर्ण जयंती कुलपति सम्मेलन तथा ‘Advancements for Next Generation Agriculture (ANGA-2026)’ राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। बिहार में पहली बार आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन में देशभर के 30 से अधिक कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों सहित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, शिक्षाविद, नीति-निर्माता, कृषि विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि और कृषि क्षेत्र से जुड़े उद्यमी भाग लेंगे। सम्मेलन में कुछ प्रतिभागी प्रत्यक्ष रूप से जबकि अन्य कुलपति आभासी माध्यम से शामिल होंगे।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारतीय कृषि को आधुनिक, टिकाऊ, जलवायु अनुकूल, तकनीक आधारित और किसान केंद्रित बनाने की दिशा में वैज्ञानिक तकनीकों, अनुसंधान, कृषि शिक्षा तथा नवाचारों पर व्यापक विचार-विमर्श करना है। इसके साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कृषि शिक्षा को बहुविषयक, कौशल आधारित और रोजगारपरक बनाने तथा विकसित भारत-2047 और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्यों को हासिल करने में कृषि विश्वविद्यालयों की भूमिका पर भी विशेष चर्चा होगी।
भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ की स्थापना 10 नवंबर 1967 को कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार को सुदृढ़ करने तथा कृषि विश्वविद्यालयों के बीच समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी। वर्तमान में संघ के 74 सदस्य संस्थान हैं। स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित यह सम्मेलन संगठन की उपलब्धियों का मूल्यांकन करने और भविष्य की कृषि विकास रणनीति तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
दो दिवसीय सम्मेलन में छह प्रमुख विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्मार्ट कृषि एवं फसल विज्ञान, उद्यानिकी एवं वानिकी में आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल कृषि, पशु एवं मत्स्य विज्ञान तथा वन हेल्थ, भविष्योपयोगी कृषि शिक्षा एवं उद्यमिता और कृषि विश्वविद्यालयों में नेतृत्व, सुशासन एवं अंतरराष्ट्रीय साझेदारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जलवायु अनुकूल कृषि, स्मार्ट फार्मिंग, कृषि स्वचालन, कृषि स्टार्टअप, मूल्य संवर्धन और किसानों की आय बढ़ाने जैसे विषयों पर पैनल परिचर्चाएं आयोजित होंगी। कृषि क्षेत्र में नवाचारों को प्रदर्शित करने के लिए स्टार्टअप प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
28 नवंबर को भारत सरकार के वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री रामचंद्र प्रसाद तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक (शिक्षा) डॉ. यशपाल सिंह मलिक सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से तैयार ‘सुगंधा आवश्यक तेल संग्रह’, सम्मेलन स्मारिका, कृषि विश्वविद्यालयों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का संकलन, कृषि समस्या समाधान कोश, किसानों की ई-निर्देशिका, फार्म कनेक्ट तथा विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं नवाचारों पर आधारित पुस्तक का विमोचन प्रस्तावित है।
29 नवंबर को बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद अजय मंडल तथा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के सलाहकार डॉ. ओम बीर सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की सहभागिता प्रस्तावित है। इस दिन एएसआईएसटी कार्यक्रम सहित अन्य गतिविधियों के आयोजन की भी जानकारी दी गई है।
इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के लिए विशेष उपलब्धि मानी जा रही है। विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक शैक्षणिक विरासत 17 अगस्त 1908 को स्थापित बिहार कृषि महाविद्यालय से जुड़ी है। विश्वविद्यालय ने मखाना, सिंदर, चाय, मिलेट्स, औषधीय एवं सुगंधित पौधों, कृषि यंत्रीकरण और जलवायु अनुकूल कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। विश्वविद्यालय ने 345 मखाना जर्मप्लाज्म प्रविष्टियों का संरक्षण किया है तथा ‘सबौर मखाना-1’ विकसित किया है। इसके अतिरिक्त परिसर में देश का पहला सिंदर पार्क स्थापित किए जाने की जानकारी भी दी गई है।
कृषि अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय में 25 से अधिक उन्नत प्रयोगशालाएं कार्यरत हैं। सबाग्रिस कार्यक्रम और इनक्यूबेशन सेंटर के माध्यम से कृषि नवाचार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों तक वैज्ञानिक तकनीकों और कृषि संबंधी जानकारी पहुंचाने के लिए विश्वविद्यालय का सामुदायिक रेडियो, मेवा एफएम ग्रीन सबौर, डिजिटल मंच तथा तकनीकी फिल्में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विश्वविद्यालय की ओर से तैयार 637 तकनीकी फिल्मों को यूट्यूब पर पांच करोड़ से अधिक बार देखे जाने का दावा किया गया है।
आयोजकों को उम्मीद है कि इस सम्मेलन से किसानों की आय में वृद्धि, कृषि विश्वविद्यालयों के बीच अनुसंधान, शिक्षा एवं प्रसार के क्षेत्र में सहयोग और आधुनिक तकनीकों को कृषि में प्रोत्साहित करने के लिए साझा कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी। सम्मेलन के निष्कर्षों को ‘सबौर घोषणा-पत्र’ के माध्यम से प्रस्तुत किए जाने की योजना है, जो भविष्य में कृषि विश्वविद्यालयों की प्राथमिकताओं और सामूहिक प्रतिबद्धताओं को दिशा प्रदान करेगा।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर ने इस राष्ट्रीय आयोजन को भारतीय कृषि के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया है। विश्वविद्यालय का मानना है कि एंगा-2026 कृषि शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और किसान कल्याण के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा तथा टिकाऊ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारतीय कृषि के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।















