


20 मई को भागलपुर में होगा खिलाड़ियों का चयन ट्रायल
भागलपुर : खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत बिहार में पहली बार वॉटर स्पोर्ट्स क्याकिंग एवं कैनोइंग खेल विधा का एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

इस योजना के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधुनिक खेल उपकरण एवं प्रशिक्षित कोच की देखरेख में प्रशिक्षण दिया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को सरकार की ओर से निःशुल्क आवासन, पौष्टिक भोजन, खेल सामग्री, शिक्षा एवं प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने बताया कि बिहार के कई जिलों में नदियों के किनारे रहने वाले युवाओं में नौकायन की प्राकृतिक क्षमता होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए क्याकिंग एवं कैनोइंग जैसे वॉटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की पहल की गई है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर इस खेल में बेहतर प्रदर्शन करते हुए कई पदक हासिल किए हैं।

प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन के लिए 20 मई 2026 को खेल भवन, भागलपुर में चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। ट्रायल बालक एवं बालिका दोनों वर्गों के लिए होगा। इसमें 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों का बैटरी टेस्ट लिया जाएगा। खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड तथा पूर्व प्रतियोगिताओं के प्रमाण पत्र, यदि उपलब्ध हो, लेकर आने को कहा गया है।

खेल विभाग के अनुसार चयन के लिए खिलाड़ी का बिहार का निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही उसकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2010 या उसके बाद तथा 1 जनवरी 2014 के पहले की होनी चाहिए।
जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस योजना का लाभ उठा सकें, इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिले के विभिन्न विद्यालयों को भी सूचना भेजी गई है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना द्वारा चयन ट्रायल के लिए प्रशिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
















