


बिहपुर क्षेत्र में स्टेडियम स्थापना की मांग उठाई
भागलपुर : बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र ने दिल्ली में केंद्रीय श्रम, रोजगार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खेलो इंडिया योजना के तहत बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में एक स्टेडियम स्थापित करने की मांग रखी।

मंत्री इं. शैलेंद्र ने केंद्रीय मंत्री से बिहपुर क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार, खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में खेल अवसंरचना को मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव में कई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते हैं।
उन्होंने बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच और सुविधाएं मिल सकेंगी।

मुलाकात के दौरान मंत्री इं. शैलेंद्र की पुत्री कोमल कृति भी मौजूद थीं।
बताया गया कि केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने इस मांग पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा बैठक में युवाओं के कौशल विकास, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा श्रमिकों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
















