


नवगछिया :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण का रविवार को प्रसारण हुआ, जिसे बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 316 बूथों पर भाजपा बूथ अध्यक्षों के संयोजन में सामूहिक रूप से सुना गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया और प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। पार्टी नेताओं ने इसे जनसंवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए प्रधानमंत्री सीधे जनता से जुड़ते हैं और देश के विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देते हैं।
इसी क्रम में बिहपुर के कठोतिया निवासी पूर्व दफादार डोमी मंडल को नवगछिया पुलिस जिला भाजपा अति पिछड़ा मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखी गई। उनके मनोनयन के बाद बिहपुर स्थित एनडीए कार्यालय में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विधायक इंजीनियर शैलेंद्र सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें सम्मानित किया।
रविवार को बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने नारायणपुर प्रखंड के रायपुर स्थित बूथ संख्या 4 पर बूथ अध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा और मंडल अध्यक्ष ब्रजेश नागर की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह पहल देशवासियों को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रही है।
जिला उपाध्यक्ष प्रोफेसर गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर उत्तम कुमार, पूर्व मुखिया भुवनेश्वर शर्मा, दिनेश यादव, प्रभुनंदन चौधरी, रूपेश रूप, दिलीप महतो, ब्रजेश चौधरी, दिलीप सिंह सहित कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना।
विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने कहा कि उनका संकल्प है कि बिहपुर क्षेत्र के हर घर तक ‘मन की बात’ कार्यक्रम पहुंचे, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरित होकर राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
















