


एनएच-31 पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे दोनों श्रद्धालु, पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर पेश की मानवता की मिसाल
नवगछिया। श्रावणी यात्रा के दौरान नवगछिया में हाइवे पेट्रोलिंग में तैनात पुलिस जवानों ने अपनी सतर्कता, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल दो बोलबम श्रद्धालुओं की जान बचाने का सराहनीय कार्य किया। समय पर मिली मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उन्हें शीघ्र इलाज मिल सका।

घटना नवगछिया बस स्टैंड के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुई। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के इंग्लिश बाजार निवासी सिंटू दास (पिता- सदानंद दास) अपने साथी संजीत कुमार के साथ सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक करने के लिए बाइक से रवाना हुए थे।
बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक नवगछिया बस स्टैंड के समीप पहुंची, अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में दोनों कांवरिया गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगे।
इसी दौरान एनएच-31 पर नियमित गश्त कर रहे हाइवे पेट्रोलिंग के पुलिस जवान प्रकाश कुमार और सरकारी वाहन चालक रवि कुमार की नजर घायलों पर पड़ी। दोनों ने बिना समय गंवाए मानवता का परिचय देते हुए घायल श्रद्धालुओं को पेट्रोलिंग वाहन में बैठाकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोटों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दोनों श्रद्धालुओं को भागलपुर के अस्पताल रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस जवानों की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर हाइवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर नहीं पहुंचती तो हादसा और गंभीर हो सकता था। श्रावणी मेले के दौरान हाइवे पेट्रोलिंग टीम की यह तत्परता श्रद्धालुओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पुलिस जवानों के इस मानवीय कार्य की क्षेत्र में खूब प्रशंसा हो रही है।















