


पूर्णिया। बिहार में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राज्यभर में एक साथ 551 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों का उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने कहा कि पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के छह विद्यालयों को मॉडल स्कूल का दर्जा मिलना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि है।

विधायक विजय खेमका ने बताया कि पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के राजकीय जिला स्कूल, राजकीय गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, पार्वती मंडल हाई स्कूल (हरदा), केजीपी हाई स्कूल (भोगा भटगामा), उच्च विद्यालय चांदी रजीगंज तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय महाराजपुर को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनडीए सरकार का यह निर्णय राज्य की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक और दूरगामी कदम है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
विधायक ने बताया कि मॉडल स्कूलों में अनुभवी शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के साथ-साथ स्मार्ट क्लासरूम, समृद्ध पुस्तकालय, अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, खेलकूद की बेहतर सुविधाएं तथा अन्य आधारभूत संसाधन विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग, रिमेडियल कक्षाएं तथा मेडिकल, इंजीनियरिंग, ओलंपियाड एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक तैयारी की भी व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की नियमित साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी तथा पाठ्यक्रम के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू होगी और शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की दीक्षा, ALOTS सहित अन्य डिजिटल शैक्षणिक प्लेटफॉर्म तक पहुंच भी सुनिश्चित की जाएगी।
विधायक विजय खेमका ने कहा कि मॉडल स्कूल योजना से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षा प्रेमी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। वहीं भाजपा नेता सकलदीप राजपाल, संजय मिश्रा, पवन भगत, राजेश गोस्वामी, पानो देवी, वीरेंद्र सिंह, मनीष भारती, मंगल पोद्दार, विनोद सिंह, सुकेश पाल, गोपाल सिन्हा, मनोज सिंह, मनोज गोस्वामी एवं पवन सहनी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
















