


संभावित बाढ़ खतरे को देखते हुए तटबंध की स्थिति का लिया जायजा
नवगछिया : गंगा एवं कोसी नदी से संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए गोपालपुर प्रखंड स्थित ब्रह्मोतार बांध की मरम्मत को लेकर प्रशासनिक सक्रियता बढ़ गई है। ग्रामीणों द्वारा बांध की जर्जर स्थिति को लेकर दिए गए आवेदन पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए जल संसाधन विभाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके बाद मंगलवार को जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता जयप्रकाश पासवान एवं अंचलाधिकारी रोशन कुमार ने ब्रह्मोतार बांध का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तटबंध के क्षतिग्रस्त हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया तथा उसकी तकनीकी स्थिति की जांच की। अधिकारियों ने संभावित कमजोर बिंदुओं को चिन्हित कर आवश्यक मरम्मत कार्य को लेकर चर्चा की।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि हर वर्ष गंगा और कोसी नदी के बढ़ते दबाव के कारण तटबंध कमजोर हो जाता है, जिससे आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा बना रहता है। ग्रामीण सह हाईकोर्ट अधिवक्ता मुकेश कुमार ने कहा कि यदि समय रहते बांध की मरम्मत नहीं कराई गई तो आगामी बारिश और बाढ़ के दौरान कई गांव प्रभावित हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी गोपालपुर प्रखंड मुख्यालय सहित रंगरा क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए थे, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। बाढ़ के कारण जान-माल की क्षति के साथ किसानों की फसलें भी बर्बाद हो गई थीं।
अंचलाधिकारी रोशन कुमार ने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी समस्याओं की रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द आवश्यक मरम्मत कार्य कराकर बांध को सुरक्षित बनाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी, ताकि संभावित बाढ़ से लोगों को राहत मिल सके।















