


भागलपुर।विक्रमशिला सेतु मार्ग अवरुद्ध होने के बाद भागलपुर–नवगछिया वैकल्पिक जल मार्ग पर यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने बरारी एवं महादेवपुर घाट पर सुविधाओं का विस्तार किया है।

जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दोनों घाटों पर यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल एवं अस्थायी शौचालय की व्यवस्था की गई है। साथ ही यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां कोई भी यात्री अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
प्रशासन ने घाट तक पहुंचने वाले मार्गों का समतलीकरण भी कराया है, जिससे बाइक एवं छोटे वाहनों से आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

बड़े स्टीमर पर पुलिस निगरानी में यात्रियों को सुरक्षित तरीके से चढ़ाने और उतारने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं निजी नावों के लिए विभिन्न स्थानों पर किराया सूची प्रदर्शित की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित दर से अधिक किराया वसूले जाने की स्थिति में यात्री नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर 24×7 एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई है तथा चिकित्सा शिविर लगातार संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।













