


इलाज के दौरान जीएमसीएच में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम
कटिहार : कटिहार में चलती ऑटो से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतका की पहचान शहर के रामबाग निवासी हरिनंदन पासवान की पत्नी खुशबू देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि खुशबू देवी करीब दस दिन पहले डूमर छोहर स्थित अपने मायके गई हुई थीं।

मृतका के पति हरिनंदन पासवान ने बताया कि रविवार शाम सूरज ढलने के बाद खुशबू देवी घर से ऑटो पर सवार होकर बाजार जाने निकली थीं। इसी दौरान अचानक चलती ऑटो से सड़क पर गिर गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए कटिहार मेडिकल कॉलेज से बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार पूर्णिया जीएमसीएच में इलाज के दौरान रविवार रात खुशबू देवी ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।















