


परिवार का इकलौता कमाने वाला था मुरारी, हादसे के बाद घर में मचा कोहराम
पूर्णिया : पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र में मखाना खेत में पटवन के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के गंगेली निवासी 26 वर्षीय मुरारी कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुरारी कुमार रोज की तरह छोटी कादरगंज गांव स्थित खेत में मोटर से पटवन करने गए थे। इसी दौरान मोटर में अचानक करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गए।

उप सरपंच मिथिलेश कुमार ने बताया कि खेत में मौजूद लोगों ने मुरारी कुमार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि मुरारी कुमार बेहद मेहनती एवं मिलनसार युवक थे। उनकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उनकी एक छोटी बेटी भी है।

ग्रामीणों के अनुसार करीब चार वर्ष पूर्व मुरारी कुमार के पिता अवधेश शर्मा का भी निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी मुरारी के कंधों पर आ गई थी। अब उनकी असमय मौत के बाद परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि घर में कमाने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं बचा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद पप्पू यादव के प्रतिनिधि आदिल आरजू पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया। साथ ही प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

मुरारी कुमार की अचानक मौत से गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।














