


खेत से घर लौट रहे थे नागेश्वर मंडल, हादसे के बाद चालक फरार
पूर्णिया : पूर्णिया जिले के टीकापट्टी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। खेत से घर लौट रहे किसान को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान बघवा गांव निवासी 54 वर्षीय नागेश्वर मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोजाना की तरह खेत में काम समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नागेश्वर मंडल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच लेकर गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने बताया कि नागेश्वर मंडल बेहद मेहनती किसान थे और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही टीकापट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि फरार बाइक चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













