


भागलपुर : 19 मई 2026 से शुरू होने वाले सहयोग शिविर को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा “सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100” एवं “सहयोग पोर्टल” के शुभारंभ की जानकारी दी गई।

बताया गया कि अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं अंतिम मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आम लोग अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन दे सकेंगे। शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 15 दिनों के भीतर तथा अधिकतम 30 दिनों के अंदर करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध स्वतः निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा संदिग्ध ब्रोकरों पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने एवं आवेदन प्राप्ति व निष्पादन की अद्यतन पंजी संधारित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि पंचायतों से प्राप्त आवेदनों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। यदि कोई मांग अयोग्य पाई जाती है, तो उसकी जांच रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करते हुए संबंधित व्यक्ति को जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जमीन विवाद से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे पर भी विशेष जोर दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक को उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, अपर समाहर्ता दिनेश राम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे, जबकि प्रखंड स्तर से बीडीओ एवं थानाध्यक्ष ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे।













