


भागलपुर : कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, भागलपुर में फोटोग्राफी क्लास के पहले बैच का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में चयनित 35 प्रशिक्षुओं ने नामांकन कराया है।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक अंकित रंजन ने प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत करते हुए प्रशिक्षुओं को फोटोग्राफी कला के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में लगातार रचनात्मक गतिविधियों और विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में फोटोग्राफी प्रशिक्षण की शुरुआत की गई है।

प्रशिक्षण सप्ताह में तीन दिन संचालित किया जा रहा है, जिसमें फोटोग्राफी के बेसिक्स, इतिहास, विभिन्न प्रकार, फोटो एडिटिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से संबंधित विषयों पर जानकारी दी जा रही है। तीन माह के सफल प्रशिक्षण के बाद प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
अंकित रंजन ने बताया कि जल्द ही केंद्र में शास्त्रीय गायन, कथक, भरतनाट्यम, तबला, ढोलक एवं हारमोनियम का प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है।

वहीं, आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में पहले से संचालित ड्रामा क्लास में भागलपुर के वरिष्ठ रंगकर्मी प्रशिक्षुओं को अभिनय एवं रंगमंच की बारीकियों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। रितेश रंजन, मिथिलेश कुमार, साहिल राज और राजेश झा सहित कई रंगकर्मी अब तक विभिन्न सत्र आयोजित कर चुके हैं।














