


अंतर्जातीय विवाह को लेकर विवाद के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने की पहल, आशीष गोस्वामी ने प्रशासन के कदम का किया स्वागत
पूर्णिया। चपय गांव में अंतर्जातीय विवाह को लेकर सामने आए विवाद के बीच शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने दोनों पक्षों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 के तहत कार्रवाई की है। यह मामला पिछले दिनों विवाह को लेकर परिवार और सामाजिक स्तर पर उत्पन्न विवाद तथा सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बाद सुर्खियों में आया था।

विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि जिन मामलों से सामाजिक तनाव उत्पन्न होने की आशंका हो, उनमें समय रहते प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराना जरूरी है, ताकि स्थिति बिगड़ने से पहले आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की नजर बनी हुई थी। उन्होंने भी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से संयम बरतने की अपील की थी। साथ ही प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की थी।
आशीष गोस्वामी ने कहा कि उनका उद्देश्य प्रशासन और सरकार के साथ बेहतर संवाद एवं समन्वय के माध्यम से सामाजिक हित में कार्य करना है। किसी भी सामाजिक विवाद का समाधान कानून के दायरे में और शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए।

उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए गए कदम पर पूर्णिया जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई का वे सम्मान करते हैं और उम्मीद है कि आगे भी पूरे मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी घटना से संबंधित पोस्ट साझा करने से पहले उसके तथ्यों की पूरी जानकारी कर लेनी चाहिए। बिना सत्यता की पुष्टि किए किसी सामग्री को साझा करने से गलतफहमी और सामाजिक तनाव उत्पन्न हो सकता है।
आशीष गोस्वामी ने कहा कि प्रशासन का सम्मान करना, कानून का पालन करना और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज में जातिगत तनाव से बचने और भाईचारे एवं आपसी सम्मान की भावना को मजबूत करने की अपील की।
















